हर मन तिरंगा, हर कदम देशभक्ति: जनता वैदिक कॉलेज बड़ौत में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का भव्य आयोजन
बड़ौत, 7 अगस्त 2025 — आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में जनता वैदिक महाविद्यालय, बड़ौत ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाते हुए राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक अभिव्यक्ति और सामाजिक सहभागिता का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत किया। आई.क्यू.ए.सी., सांस्कृतिक समिति, और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में, स्थानीय पुलिस प्रशासन के सहयोग से इस अभियान के अंतर्गत विविध रचनात्मक एवं प्रेरक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और तिरंगे को नमन से हुई, जिससे वातावरण में एक राष्ट्रीय भावनाओं की ऊर्जा व्याप्त हो गई। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने उद्घाटन संबोधन में तिरंगे के ऐतिहासिक महत्व, राष्ट्रीय एकता, और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के अमूल्य योगदान को रेखांकित करते हुए युवाओं से तिरंगे के मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
छात्र-छात्राओं द्वारा निकाली गई तिरंगा रैली नगर के मुख्य मार्गों से गुजरती हुई वंदे मातरम्, भारत माता की जय, और हर घर तिरंगा – हर मन तिरंगा जैसे नारों से गूंज उठी। हाथों में तिरंगा, चेहरों पर गर्व और हृदयों में उत्साह लिए विद्यार्थियों ने शहरवासियों को जोश और गर्व का अनुभव कराया। स्थानीय नागरिकों ने भी रैली में अपनी उपस्थिति और समर्थन से एकता का संदेश दिया।
महाविद्यालय परिसर में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं ने राष्ट्रीय ध्वज, स्वतंत्रता संग्राम, और भारत माता को केंद्र में रखकर अत्यंत सुंदर व संदेशपूर्ण रंगोलियाँ बनाईं। रंग संयोजन, विषय की प्रस्तुति और भावनात्मक अभिव्यक्ति के आधार पर प्रतिभागियों की प्रशंसा की गई। इसके पश्चात ब्लैकबोर्ड सज्जा प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे संदेशों और देशभक्ति चित्रों के माध्यम से कक्षा कक्ष को प्रेरणास्रोत में परिवर्तित कर दिया।
डॉ. गीता रानी ने कहा, “हर घर तिरंगा” अभियान केवल एक सरकारी निर्देश नहीं है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक पहचान, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक चेतना का उत्सव है। छात्रों की सक्रिय भागीदारी ने इस विचार को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाया है। ऐसे आयोजनों से युवा वर्ग में राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान और उत्तरदायित्व का भाव जागृत होता है।
इस आयोजन में आई.क्यू.ए.सी. संयोजक डॉ. गजेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. मालती, डॉ. इंदु, डॉ. दीप्ति, श्वेता, सरिता, डॉ. रीना, डॉ. अमित नागर, डॉ. रविंद्र कुमार, डॉ. अनिल सरोहा, श्री जयपाल सिंह, और स्थानीय पुलिस अधिकारी श्री संजीव चौधरी एवं उनकी टीम के सक्रिय सहयोग ने आयोजन को एक प्रशासनिक और शैक्षणिक समन्वय का आदर्श उदाहरण बना दिया।
पुलिस प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों को तिरंगे की महत्ता और इसके ऐतिहासिक एवं संवैधानिक पहलुओं पर जानकारी दी गई, जिससे छात्र-छात्राओं की राष्ट्रीय चेतना और सामाजिक जिम्मेदारी और प्रबल हुई। आशु, काजल, निशा, ललिता आर्य, आमरीन, तनु, पायल, विशाल, अभिषेक, मुकुल सहित अनेक छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश व लगन से भाग लिया और आयोजन को सफल बनाया।